डिंडौरीः उफनती नदी की पुलिया पर फंसी कार, एसएएफ जवान और चालक ने तैरकर बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now
डिंडौरीः उफनती नदी की पुलिया पर फंसी कार, एसएएफ जवान और चालक ने तैरकर बचाई जान


डिंडौरी, 3 जुलाई (हि.स.)। लगातार हो रही बारिश के बीच मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। शहपुरा थाना क्षेत्र के बस्तरा गांव के पास कसी नदी की पुलिया पार करते समय तेज बहाव में एक कार फंस गई। कार में सवार एसएएफ जवान और चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तैरकर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जबकि ग्रामीणों की मदद से सभी लोग सुरक्षित निकाल लिए गए।

जानकारी के अनुसार, जबलपुर बटालियन में पदस्थ एसएएफ जवान पदमजीत गौरा छुट्टी पर अपने गृह क्षेत्र आए हुए थे। शुक्रवार सुबह वह कार (एमपी-20-सीएम-3505) से अपनी बहन और जीजा से मिलने बस्तरा गांव जा रहे थे। सुबह करीब नौ बजे कसी नदी की पुलिया पर पहुंचते ही अचानक जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव के कारण कार पुलिया के बीचोंबीच फंस गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और कार में सवार सभी तीनों लोग सुरक्षित बच गए।

लगातार बारिश के कारण जिले की नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पुलों और रपटों पर पानी होने की स्थिति में उन्हें पार करने का जोखिम न उठाएं।

हिन्दुस्थान समाचार/पियूष

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story