दमोह-कटनी हाईवे पर तेज रफ्तार कार पलटने से युवक और नाबालिग लड़की की मौत, चार घायल

WhatsApp Channel Join Now
दमोह-कटनी हाईवे पर तेज रफ्तार कार पलटने से युवक और नाबालिग लड़की की मौत, चार घायल


दमोह, 26 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह-कटनी स्टेट हाईवे पर रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक युवक और एक नाबालिग लड़की की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलाें की स्थिति गंभीर हाेने पर उन्हें जबलपुर रेफर किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, गुजरात में रहने वाला विश्वकर्मा परिवार उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान कुम्हारी थाना क्षेत्र के बमनी गांव के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी और पलट गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई। हादसे में 24 वर्षीय संतोष विश्वकर्मा और 14 वर्षीय शिवानी विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पूजा (30), संगम (20), अच्छे लाल (32) और संदीप (24) घायल हाे गए। सभी घायलाें को तत्काल दमोह जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सिर और सीने में गंभीर चोटें होने के चलते मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार तेज थी और अचानक संतुलन बिगड़ने से वाहन पलट गया। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। घायल संदीप विश्वकर्मा ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि उन्हें कुछ समझ नहीं आया और हाेश आने पर खुद काे अस्पताल में पाया। कुम्हारी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story