भोपाल के एमपी नगर में तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर से कार पलटी, दाे युवक घायल, पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के एमपी नगर में तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर से कार पलटी, दाे युवक घायल, पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी


भोपाल, 01 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के एमपी नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर से एक कार पलट गई। हादसे में कार सवार दो युवक घायल हो गए। घटना के बाद ट्राला चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्राले को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पिपलानी निवासी 22 वर्षीय लक्ष्मण गौड़ अपने मित्र अनिमेष यादव के साथ निजी कार्य से कोलार क्षेत्र जा रहे थे। व्यापम चौराहे से 6 नंबर स्टॉप की ओर कार मोड़ते समय पीछे से आ रहे ट्राला क्रमांक आरजे 01 जीसी 0893 ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों युवकों को कार से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। दोनों को मामूली चोटें आई हैं और प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही एमपी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्राले को जब्त कर लिया। कार चालक की शिकायत पर आरोपी ट्राला चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story