सतना में बाइक को टक्कर मारकर 100 मीटर तक घसीटती ले गई कार, जीजा-साले समेत तीन लोगों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
सतना में बाइक को टक्कर मारकर 100 मीटर तक घसीटती ले गई कार, जीजा-साले समेत तीन लोगों की मौत


सतना में बाइक को टक्कर मारकर 100 मीटर तक घसीटती ले गई कार, जीजा-साले समेत तीन लोगों की मौत


सतना, 24 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले में शादी समारोह से लौट रहे तीन युवकों की मंगलवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। बिरसिंहपुर-कोटर मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार बाइक सवारों को करीब 100 मीटर तक घसीटती ले गई और फिर बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतकों में जीजा-साले भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना सभापुर थाना क्षेत्र में डोमहाई गांव के पास मंगलवार सुबह करीब 4 बजे हुई। पुलिस के मुताबिक, लौलाच निवासी सत्यनारायण साकेत (24) सोमवार को बिरसिंहपुर स्थित अपनी ससुराल में शादी समारोह में शामिल होने गया था। वहां से वह अपने जीजा हरिलाल (निवासी पगार) और साथी रणधीर सिंह (निवासी नई बस्ती, कोलगवां) के साथ बाइक से लौट रहा था।

तीनों डोमहाई गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बाइक को अपने साथ करीब 100 मीटर तक घसीटती चली गई। इसके बाद वाहन सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गया। हादसे के बाद कार में सवार चालक और अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार का नंबर एमपी 19 जेडआर 8610 बताया है।

दुर्घटना में हरिलाल और रणधीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सत्यनारायण गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस उसे बिरसिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गई। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि तीनों युवक सतना में काम करते थे और शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजन सतना पहुंच गए। सत्यनारायण के शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया जाएगा, जबकि हरिलाल और रणधीर सिंह के शवों का पोस्टमार्टम बिरसिंहपुर में होगा। हादसे के बाद कार चालक और उसमें सवार लोगों की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782335 Articles

Share this story