सतना : गौशाला में घुसा तेंदुआ, गाय का किया शिकार; क्षेत्र में दहशत
सतना, 07 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के उचेहरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुशला बीट क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सोमवार देर रात रामपुरवा धाम स्थित एक गौशाला में घुसे तेंदुए ने एक गाय का शिकार कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है तथा तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरा ट्रैप लगाने और पिंजरा स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दी है।
दिन में भी दिख रहा तेंदुआ, ग्रामीणों में भय
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से कुशला बीट के आसपास के गांवों में तेंदुआ लगातार पालतू जानवरों को निशाना बना रहा है। अब स्थिति यह है कि तेंदुआ दिन के समय भी खेतों और बस्तियों के पास देखा जा रहा है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
वन विभाग ने जारी की एडवाइजरी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि रात में अकेले बाहर न निकलें और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखें।
मंगलवार को रेंजर सचिन नामदेव ने बताया कि गौशाला के आसपास गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में तेंदुओं की संख्या बढ़ने के कारण वे अब गांवों की ओर भी रुख कर रहे हैं। तेंदुए को पकड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

