दमोह:नई परिवहन नीति के संबंध में बस ऑपरेटर्स यूनियन ने दिया ज्ञापन, 2 मार्च से हड़ताल की सूचना

WhatsApp Channel Join Now
दमोह:नई परिवहन नीति के संबंध में बस ऑपरेटर्स यूनियन ने दिया ज्ञापन, 2 मार्च से हड़ताल की सूचना


दमोह, 23 फ़रवरी (हि.स.)। बसों के संचालन से संबंधित हालिया परिवहन संशोधनों के संदर्भ में दमोह जिला बस ऑपरेटर्स यूनियन द्वारा सोमवार को शासन को ज्ञापन प्रस्तुत किया गया है। ज्ञापन में विभिन्न बिंदुओं पर पुनर्विचार की मांग करते हुए 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल की प्रस्तावित सूचना दी गई है।

यूनियन द्वारा यह ज्ञापन माननीय मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री, मुख्य सचिव, परिवहन सचिव तथा परिवहन आयुक्त को संबोधित किया गया है। संगठन के प्रतिनिधियों ने अवगत कराया कि रविवार को सागर में प्रदेश के बस मालिकों एवं पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में परिवहन विभाग द्वारा हाल में प्रकाशित राजपत्र संशोधनों एवं नीतिगत परिवर्तनों पर चर्चा की गई।

यूनियन के अनुसार, वर्तमान संशोधनों से बस संचालकों को प्रशासनिक एवं आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस संदर्भ में शासन से निम्न बिंदुओं पर विचार करने का अनुरोध किया गया है—

प्रमुख मांगें

दिनांक 24 दिसंबर 2025 को राजपत्र में प्रकाशित संशोधन प्रारूप को निरस्त किया जाए।दिनांक 29 जनवरी 2026 को प्रकाशित संशोधन को समाप्त किया जाए।बारात परमिट शुल्क को 12 रुपये प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 18 रुपये प्रति किलोमीटर किए जाने के निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए।दमोह जिले में फिटनेस सेंटर की अनुपलब्धता के कारण वाहनों को अन्य जिले (जबलपुर) भेजना पड़ता है; अतः स्थानीय स्तर पर ऑनलाइन फिटनेस सुविधा पुनः प्रारंभ की जाए।वीएलटीडी (VLTD) डिवाइस रिचार्ज से संबंधित तकनीकी समस्याओं का समाधान किया जाए।स्लीपर बसों से संबंधित संरचनात्मक निर्देशों पर स्पष्टता प्रदान की जाए।बस बॉडी पंजीयन की पूर्व व्यवस्था को यथावत रखा जाए।वर्तमान बस संचालन व्यवस्था में स्थिरता बनाए रखी जाए।

यूनियन ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि उपर्युक्त मांगों पर सकारात्मक निर्णय न होने की स्थिति में 2 मार्च 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रारंभ की जाएगी। साथ ही, आमजन को संभावित असुविधा से बचाने हेतु शासन से शीघ्र समाधान का अनुरोध किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

Share this story