आगरमालवा में बस पलटी, एक की मौत, डेढ़ दर्जन से अधिक यात्री घायल

WhatsApp Channel Join Now
आगरमालवा में बस पलटी, एक की मौत, डेढ़ दर्जन से अधिक यात्री घायल


आगरमालवा, 28 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार निजी यात्री बस एक राहगीर को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। इनमें से आठ की हालत गंभीर बताई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस सुसनेर से नलखेड़ा होते हुए कुरावर जा रही थी। बड़ागांव के पास गुराड़िया और माल्याहेड़ी जोड़ के समीप अचानक सामने भैंस आ जाने से चालक ने बस को बचाने की कोशिश की, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसे के दौरान बस की चपेट में आने से सड़क पर जा रहे राहगीर गोकुलसिंह यादव (60), निवासी बड़ागांव, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस में सवार अन्य यात्री घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को नलखेड़ा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से आठ गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल आगरमालवा रेफर किया गया है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

Share this story