शहडोल: यात्रियों से भरी बस ट्रक में घुसी, 30 घायल,10 की हालत गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
शहडोल: यात्रियों से भरी बस ट्रक में घुसी, 30 घायल,10 की हालत गंभीर


शहडोल, 04 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में करीब 30 यात्री घायल हुए हैं। इनमें स्कूली बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, 10 घायलों की हालत गंभीर है।

जानकारी के अनुसार दीपक कंपनी की यात्री बस शहडोल से ब्यौहारी की ओर जा रही थी। बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। टीहकी यात्री प्रतीक्षालय के पास सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। बताया जा रहा है कि बस चालक की नजर ट्रक पर नहीं पड़ी और बस पीछे से उसमें जा घुसी। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आगे की सीटों पर बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही ब्यौहारी पुलिस मौके पर पहुंची। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को निजी वाहनों, पुलिस वाहनों और एंबुलेंस की मदद से ब्यौहारी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में सभी का उपचार जारी है।

घायलों में स्कूली बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, 10 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनकी स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर करने की तैयारी की जा रही है। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story