बस किराया बढ़ाने की मांग तेज, परिवहन मंत्री से मिले बस ऑपरेटर, पंजीयन संकट पर भी हुई चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
बस किराया बढ़ाने की मांग तेज, परिवहन मंत्री से मिले बस ऑपरेटर, पंजीयन संकट पर भी हुई चर्चा


भोपाल, 01 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से मुलाकात कर निजी बस संचालकों से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में बस किराए में वृद्धि, 2458 बसों के पंजीयन निरस्तीकरण की प्रक्रिया और नई बसों के रजिस्ट्रेशन में आ रही तकनीकी दिक्कतों को लेकर एसोसिएशन ने अपनी मांगें रखीं।

एसोसिएशन के महामंत्री जय कुमार जैन ने बताया कि परिवहन मंत्री के सामने सबसे पहले उन 2458 बसों का मुद्दा उठाया गया, जिनके पंजीयन निरस्त किए जाने को लेकर नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में बस संचालकों को राहत देने की आवश्यकता है। बैठक में नई बसों के पंजीयन का विषय भी उठाया गया। एसोसिएशन ने बताया कि कई नई बसें तैयार होने के बावजूद नई तकनीकी व्यवस्था के कारण उनका पंजीयन नहीं हो पा रहा है। प्रतिनिधियों ने केंद्र सरकार के 29 जून 2026 के पत्र और ओडिशा सरकार द्वारा दी गई छूट का हवाला देते हुए मध्यप्रदेश में भी इसी तरह राहत देने की मांग की।

बढ़ती लागत से परेशान बस संचालक

बस ऑपरेटरों ने परिवहन मंत्री के समक्ष किराया बढ़ाने की मांग प्रमुखता से रखी। एसोसिएशन का कहना है कि डीजल, स्पेयर पार्ट्स, बीमा, रखरखाव और अन्य परिचालन खर्च लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि मौजूदा किराए में लंबे समय से बदलाव नहीं हुआ है। इससे निजी बस संचालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। एसोसिएशन ने कहा कि किराया नहीं बढ़ने का असर बसों के रखरखाव पर भी पड़ रहा है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। संगठन ने सरकार से आग्रह किया कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए किराए का समय-समय पर पुनरीक्षण जरूरी है।

मंत्री ने दिया समाधान का भरोसा

महामंत्री जय कुमार जैन के अनुसार, परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने बस किराया वृद्धि के मामले में जल्द निर्णय लेने का आश्वासन दिया है। साथ ही पंजीयन से जुड़े मामलों में भी आवश्यक समाधान निकालने का भरोसा दिलाया गया है, ताकि बस संचालकों को राहत मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story