भोपाल में वीआईपी रोड पर डिवाइडर से टकराकर खंभे से जा भिड़ी बस, 11 छात्र घायल

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में वीआईपी रोड पर डिवाइडर से टकराकर खंभे से जा भिड़ी बस, 11 छात्र घायल


भोपाल, 27 अक्टूबर (हि.स.) । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह छात्रों को लेकर जा रही बस वीआईपी रोड पर हादसे का शिकार हो गई। राजा भोज प्रतिमा और करबला के बीच मोड़ पर बस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे लगे खंभे से जा भिड़ी। खंभे का सहारा मिलने से बस पलटने से बच गई। हादसे में करीब 10 से 11 लोग घायल हुए हैं, जिनमें विद्यार्थी और बस में तैनात तीन स्टाफ सदस्य शामिल हैं। घायलों को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। मोड़ पर बस की रफ्तार अधिक थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। टक्कर के बाद बस में सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। बाद में बस को सीधा कर उसमें फंसे और घायल लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में घायल छात्र सुमित पवार ने चालक पर लापरवाही से बस चलाने का आरोप लगाया। उसने बताया कि उस दिन बस करीब आधे घंटे लेट हो गई थी। इसके बाद चालक ने तेज रफ्तार में बस चलाना शुरू कर दिया। वीआईपी रोड पर बस का अगला टायर डिवाइडर पर चढ़ गया, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर टकरा गई।

सुमित के मुताबिक, हादसे से करीब दो मिनट पहले ही उसने अपने एक परिचित को मैसेज कर बताया था कि चालक बहुत लापरवाही से बस चला रहा है। सुमित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) में सिविल इंजीनियरिंग डिप्लोमा के दूसरे वर्ष का छात्र है। वह माता मंदिर से बस में सवार हुआ था।

कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर के अनुसार, बस सुबह 12 नंबर क्षेत्र से आरजीपीवी के विद्यार्थियों को लेकर जा रही थी। वीआईपी रोड पर मोड़ के दौरान चालक बस को नियंत्रित नहीं कर पाया। पहले बस डिवाइडर से टकराई और फिर खंभे से जा लगी। घायलों में बसंत नाम के विद्यार्थी के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि खुशी नाम की छात्रा की आंख के ऊपर चोट आई है। एक अन्य गंभीर रूप से घायल विद्यार्थी की पहचान तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी। थाना प्रभारी ने बताया कि घायल विद्यार्थियों की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष है। अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया।

आरजीपीवी के कुलपति आलोक शर्मा ने हादसे को दुखद बताया। उन्होंने कहा कि शुरुआत में मिली जानकारी के अनुसार, छह से सात विद्यार्थी घायल हुए थे। इनमें से चार से पांच को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, जबकि एक-दो को जल्द छुट्टी दिए जाने की संभावना है। एक छात्र को सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। कुलपति ने कहा कि बस चालक की लापरवाही के पहलू की जांच की जाएगी। हादसे में घायल विद्यार्थियों के अलावा बस में ड्यूटी पर तैनात तीन स्टाफ सदस्य भी शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767707 Articles

Share this story