अपनी विधानसभा छोड़ नेपानगर का जंगल देखने पहुंचे विधायक, वन कटाई पर जताया आक्रोश

WhatsApp Channel Join Now


- कहा, मुख्यमंत्री को यहां आकर देखना चाहिए, विधानसभा में एक बार फिर ध्यानाकर्षण लगाने की कही बात

बुरहानपुर, 18 मार्च (हि.स.)। अपनी विधानसभा छोड़कर नेपानगर विधानसभा में जंगल देखने पहुंचे बुरहानपुर विधायक ठाकुर सुरेंद्र सिंह ने जंगल की स्थिति देखकर काफी आक्रोश जताया। दरअसल, नावरा रेंज में लगातार वन कट रहा है। विधायक को गांव के लोगों ने स्थिति से अवगत कराया तो वह शनिवार को सीधे क्षेत्र में ही पहुंच गए और जंगल कटाई देखी। उन्होंने गोलखेड़ा, साईंखेड़ा, पानखेड़ा के बाद घाघरला का जंगल देखा। उनका विधानसभा बुरहानपुर है, लेकिन वह नेपानगर में ज्यादा रूचि लेते हैं। इससे पहले भी कईं मामलों में विधायक क्षेत्र में नजर आ चुके हैं। हालांकि यहां उन्होंने यह बात भी कही कि वन कटाई को किसी भी राजनीतिक तरीके से जोड़कर न देखा जाए। यह जनहित का मामला है। करोड़ों रूपए के पेड़ क्षेत्र में काट दिए गए हैं। सभी को मिलकर प्रयास करना जरूरी है।

एक एक लाख रुपये का एक पेड़, लाखों काट दिए गए

विधायक ठाकुर सुरेंद्र सिंह ने कहा कि मैंने जब यहां पहुंचकर ग्रामीणों से पूछा कि एक पेड़ कितने का है तो उन्होंने बताया एक एक लाख रुपये का एक पेड़ है। यहां लाखों की संख्या में पेड़ काटे गए हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि कितनी बड़ी क्षति क्षेत्र में पहुंचाई गई है।

जो भी यह कर रहा एक तरह का पाप कर रहा

उन्होंने कहा, जो भी यहां यह सब कर रहा है वह एक तरह का पाप कर रहा है। उनके नेता उनसे यह सब करवा रहे हैं। किसी भी हालत में इसे रोकना बहुत जरूरी है। यह सरकार की संपत्ति है। जो लोग जंगल काट रहे हैं उनसे चर्चा करना चाहिए। मुख्यमंत्री, वन मंत्री को उन्हें चर्चा कर कटाई रोकना चाहिए। हम यहां 4 घंटे घूमे। हालात देखे तो बहुत दुःख हुआ कि रोड किनारे से भी वन कटाई कर दी गई है। अंदर की स्थिति तो पूछिए मत। अंदर 10 किमी के एरिया को नुकसान पहुंचाया गया है। कोई खौफ या डर यहां नजर नहीं आ रहा है। बाहर से लोग आए हैं और हमारे क्षेत्र को नुकसान पहुंचा रहे हैं। बहुत मन दुःखी है। मैं सपने में भी नहीं सोच सकता कि लाखों-करोड़ों के पेड़ इस तरह कट जाएंगे। हमारे ग्रामीणों को अतिक्रमणकारी जंगल में घुसने नहीं दे रहे हैं। वह जाते हैं तो अतिक्रमणकारी तीर चलाते हैं। जिससे गांव में दहशत फैली हुई है।

विधायक की अमर्यादित भाषा

विधायक सुरेन्द्र सिंह की हालत किसी से छिपी नहीं है। क्षेत्र की जनता इनकी कार्यप्रणाली से काफी परेशान है। वे अपनी विधानसभा को छोड़कर नेपानगर विधानसभा में जंगल देखने पहुंचे। इस दौरान बुरहानपुर विधायक ठाकुर सुरेंद्र सिंह ने वन मंत्री विजय शाह के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। विधायक ने वन मंत्री विजय शाह पर टिप्पणी करते हुए कहा कि किस बिल में छुपकर बैठे है वन मंत्री? हम शेर है इसलिए भय के दौर में भी जंगल में घूम रहे है। अगर विजय शाह में हिम्मत है तो आए साथ बैठकर बात करते है, आज बिल में हम नहीं बिल में खुद वनमंत्री घुसकर बैठे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/निलेश जूनागढ़े

Share this story