बुरहानपुर: हकीमी अस्पताल में चली गोली, एक व्यक्ति की मौत, डॉक्टर घायल
बुरहानपुर, 31 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बुरहानुपर के हकीमी अस्पताल में एक बार फिर बवाल हो गया। 11 नवंबर को यहां एक महिला की गर्भाशय ऑपरेशन के दौरान मौत हुई थी। अब इसी अस्पताल में उसी महिला के पति की भी मौत हो गई। जिससे काफी हंगामा मच गया। घटना बुधवार सुबह की है।
दरअसल, यहां नागेश पुत्र गेंदालाल चौहान निवासी जैनाबाद पहुंचा। उसकी पूर्व सिविल सर्जन डॉ. जैनुद्दीन बोहरा से झड़प हुई। नागेश ने किसी धारदार हथियार से हमला किया जिससे डॉक्टर घायल हो गया। वहीं डॉक्टर की ओर से गोली चलाई गई जिससे नागेश की मौत हो गई। इसके बाद लालबाग रोड पर काफी हंगामा मच गया। पुलिस पूरे मामले की अधिकारिक रूप से पुष्टि करने से बचती रही।
जानकारी के अनुसार 11 नवंबर को वैष्णवी नागेश चौहान की हकीमी अस्पताल में गर्भाशय ऑपरेशन के दौरान मौत हुई थी। इस मामले में परिजन ने काफी हंगामा किया था। बाद में सीएमएचओ ने हकीमी अस्पताल को सील कर दिया था। यहीं डॉक्टर बोहरा दंपत्ति का घर भी है। डॉ. रेहाना बोहरा, डॉ. मुफद्दल बोहरा बाहर गए हुए थे तभी नागेश यहां पहुंचा और दोनों के बीच झड़प हुई, हालांकि परिजन का आरोप है कि नागेश खेत जा रहा था, लेकिन वह अस्पताल कैसे पहुंचा यह जांच का विषय है।
गोली लगने से हुई युवक की मौत
सूत्रों के अनुसार गोली लगने से नागेश की मौत हो गई, जबकि डॉ. जैनुद्दीन बोहरा गंभीर रूप से घायल हैं।
इसे लेकर प्रभारी एएसपी प्रीतम सिंह ठाकुर ने कहा हकीमी अस्पताल में अननेचुरल डेथ हुई है। थाना लालबाग में मर्ग कायम किया गया है। नागेश पिता गेंदालाल चौहान की मौत हुई है। इसकी जांच की जा रही है। युवक यहां कैसे आया और पूरा मामला क्या इसकी जांच की जा रही है।
वर्तमान में अस्पताल सील है। अस्पताल से ही सटकर डॉक्टर का मकान भी है। जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। इधर, परिजनों ने अस्पताल के सामने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने स्थिति को संभाला। मौके पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। साथ ही पुलिस और जिला प्रशासन के अफसर भी यहां पहुंचे थे। फिलहाल पुलिस ने मामला जांच में होने की बात कही है।
हिन्दुस्थान समाचार/नीलेश जुनागदे
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

