जबलपुर में हत्या के आरोपी के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, छह आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में रांझी थाना क्षेत्र के आजाद नगर गोकलपुर में देवी जागरण और भंडारे के दौरान हुई हिंसक झड़प में घायल पारस यादव की मौत के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। गुरुवार को प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले के मुख्य आरोपी समीर वंशकार के चिह्नित अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात धार्मिक आयोजन के दौरान मामूली कहासुनी पर दो पक्षों में विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और आरोपियों ने लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। घटना में दो महिलाओं समेत आठ लोग घायल हुए थे। गंभीर रूप से घायल 48 वर्षीय पारस यादव की उपचार के दौरान मौत हो गई।
पारस यादव की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने विकल मोड़ पर शव रखकर प्रदर्शन किया था।
प्रदर्शन के कारण तीन प्रमुख मार्गों पर जाम लग गया। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने और घटना में शामिल आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग की थी। इसके लिए प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम भी दिया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर वंशकार समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इसके बाद गुरुवार सुबह जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम भारी अमले के साथ आजाद नगर गोकलपुर पहुंची। टीम ने मुख्य आरोपी के चिह्नित अवैध निर्माण को जेसीबी और बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए प्रशासन और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

