जबलपुर में बड़े फुहारा में पुरानी कपड़ा दुकान की इमारत ढही, बड़ा हादसा टला

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर में बड़े फुहारा में पुरानी कपड़ा दुकान की इमारत ढही, बड़ा हादसा टला


जबलपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। शहर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र बड़े फुहारा में मंगलवार को रात 8:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कपड़ा दुकान की वर्षों पुरानी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। तेज धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार और राहगीरों में दहशत फैल गई तथा कुछ समय के लिए इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, ध्वस्त हुई इमारत राजा जैन की कपड़ा दुकान की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भवन अचानक ढह गया, जिससे पूरे क्षेत्र में धूल का घना गुबार फैल गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे के समय कोई भी व्यक्ति मलबे की चपेट में नहीं आया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एहतियातन आसपास की दुकानों और क्षेत्र को खाली कराया गया। साथ ही मलबे में किसी के दबे होने की आशंका को देखते हुए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

प्रशासन ने इमारत गिरने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में भवन के अत्यंत पुराने और जर्जर होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

शहर का मध्य क्षेत्र होने के कारण इस बाजार में बहुत भीड़ भाड़ रहती है परंतु मंगलवार होने के कारण बाजार बंद था जिसके चलते भीड़ नहीं थी। फुटपाथ पर सामान बेचने वाले बिल्डिंग गिरते ही भागने लगे उनकी टोकरी वगैरा सारी मलबे में दब गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story