राजगढ़ः बसपा की जिला स्तरीय बैठक में संगठन विस्तार और पंचायत चुनाव की तैयारियों पर चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः बसपा की जिला स्तरीय बैठक में संगठन विस्तार और पंचायत चुनाव की तैयारियों पर चर्चा


राजगढ़, 29 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में गुरुवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की जिला स्तरीय बैठक हुई। इसमें संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने और आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और समाज के लोगों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया गया।

बैठक के मुख्य अतिथि बसपा भोपाल के मुख्य जोन प्रभारी पूर्णेंद अहिरवार ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने गांवों और बूथ स्तर पर लोगों से संपर्क बढ़ाने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा से उन्हें अवगत कराने पर जोर दिया। अहिरवार ने कहा कि बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती का जन्मदिन आर्थिक सहयोग एवं जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारियां शुरू करने और समाज के लोगों को साथ जोड़ने की जरूरत है।

आगामी पंचायत चुनावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव में मजबूती से भाग लेने के लिए संगठन को सक्रिय करना आवश्यक है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संवाद करना चाहिए।

बैठक की अध्यक्षता बसपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह वर्मा ने की, जबकि संचालन एडवोकेट मोहन वर्मा ने किया। इस दौरान लोकसभा प्रभारी रामबाबू शिवहरे, डॉ. शिवनारायण वर्मा, जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह सोलंकी, पूर्व जिला प्रभारी रुस्तम सिंह इंदौरिया, जमनालाल अहिरवार, विनोद वर्मा और ब्यावरा विधानसभा प्रभारी प्रकाश वर्मा सहित पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे। जिलेभर से आए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बैठक में भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768952 Articles

Share this story