राजगढ़ः अतिक्रमण और पार्किंग अव्यवस्था के विरोध में सड़क पर कार खड़ी कर बैठे बसपा जिलाध्यक्ष, लगा जाम

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः अतिक्रमण और पार्किंग अव्यवस्था के विरोध में सड़क पर कार खड़ी कर बैठे बसपा जिलाध्यक्ष, लगा जाम


राजगढ़, 18 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ के ब्यावरा शहर में बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था के विरोध में गुरुवार को बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रघुवीरसिंह वर्मा ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया।

उन्होंने वैष्णो देवी मंदिर के सामने अपनी कार सड़क के बीच खड़ी कर दी, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर वाहन हटवाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।

रघुवीर सिंह वर्मा ने बताया कि वे सुबह करीब 11 बजे बच्चों को स्कूल छोड़ने गए थे। इस दौरान सड़क किनारे दुकानों के बाहर रखे बोर्ड, चाय-नाश्ते की दुकानों के सामने खड़े वाहन और अन्य अतिक्रमण के कारण मार्ग संकरा हो गया था। इसी अव्यवस्था के बीच उनकी कार सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। घटना से नाराज होकर उन्होंने विरोध स्वरूप वाहन सड़क पर खड़ा कर दिया।

वर्मा का कहना है कि ओल्ड एबी रोड पर लंबे समय से अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या बनी हुई है। सड़क किनारे खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहन तथा दुकानों के बाहर रखा सामान आए दिन जाम और दुर्घटनाओं का कारण बनता है। उन्होंने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की।

सिटी थाना प्रभारी शिवराजसिंह चौहान ने बताया कि जाम की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। संबंधित व्यक्ति को समझाइश देकर वाहन हटवाया गया और यातायात व्यवस्था बहाल कराई गई। जाम के कारण स्कूली वाहन, छात्र-छात्राएं और अन्य वाहन चालक भी प्रभावित हुए। करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। स्थानीय लोगों ने शहर में पार्किंग व्यवस्था विकसित करने और अतिक्रमण हटाने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति निर्मित न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story