मंदसौर में 62 लाख की ब्राउन शुगर जब्त, एक आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

मंदसौर, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भानपुरा थाना क्षेत्र की भैसोदा मंडी चौकी पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 310 ग्राम ब्राउन शुगर और 5 किलो 400 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त ब्राउन शुगर की कीमत करीब 62 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा साइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री की कुल कीमत 62 लाख 61 हजार रुपये से अधिक है।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार को भैसोदा मंडी चौकी प्रभारी धर्मेश यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भैसोदा मंडी तालाब के पास आम रास्ते पर एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर खड़ा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी उप निरीक्षक विनय बुंदेला और चौकी प्रभारी धर्मेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

इस दौरान पुलिस ने कालू सिंह (43), पिता मांगीलाल उर्फ मांगू सिंह, निवासी सुराखेड़ी, थाना गरोठ को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 310 ग्राम ब्राउन शुगर और 5 किलो 400 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, जब्त ब्राउन शुगर की कीमत करीब 62 लाख रुपये, डोडाचूरा की कीमत 11 हजार रुपये और मोटरसाइकिल की कीमत करीब 50 हजार रुपये है। पुलिस ने मादक पदार्थों के साथ मोटरसाइकिल भी जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774615 Articles

Share this story