राजगढ़ः बीआरसी भवन में छत का प्लास्टर गिरा, टला बड़ा हादसा; कर्मचारियों में दहशत

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः बीआरसी भवन में छत का प्लास्टर गिरा, टला बड़ा हादसा; कर्मचारियों में दहशत


राजगढ़, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा स्थित जनपद शिक्षा केन्द्र (बीआरसी भवन) में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कर्मचारियों ने कार्यालय का मुख्य हॉल खोला। अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। हॉल की छत का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर चुका था और पूरा फर्श मलबे से भर गया था।

गनीमत रही कि यह हादसा रात के समय हुआ, जिसके कारण किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि छत से गिरे मलबे की चपेट में आने से हॉल में रखी कुर्सियां, टेबल और अन्य कार्यालयीन सामग्री क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार, बीआरसी भवन के इसी मुख्य हॉल में रोजाना कर्मचारी बैठकर शासकीय कार्यों का संचालन करते हैं। सोमवार सुबह करीब 11 बजे जब कर्मचारी कार्यालय पहुंचे और उन्होंने हॉल का दरवाजा खोला तो छत से गिरे प्लास्टर और मलबे को देखकर उनके होश उड़ गए।

घटना की जानकारी तत्काल ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर (बीआरसी) गोपाल कृष्ण दुबे को दी गई। उन्होंने बताया कि भवन का निर्माण वर्ष 2003 में हुआ था और अब यह काफी पुराना हो चुका है। पिछले करीब एक वर्ष से यहां जनपद शिक्षा केन्द्र का कार्यालय संचालित किया जा रहा है।

कर्मचारियों के अनुसार भवन की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। बारिश के दौरान कई स्थानों से पानी टपकता है, जबकि दीवारों और छत में भी दरारें दिखाई दे रही हैं। छत गिरने की घटना के बाद कर्मचारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

कर्मचारियों का कहना है कि यदि यह हादसा दिन के समय हुआ होता, तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। घटना ने भवन की गुणवत्ता, रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब कर्मचारी जर्जर भवन की मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story