रतलाम में 50 मजदूरों से भरी बोलेरो खाई में गिरी, 2 महिलाएं घायल

WhatsApp Channel Join Now
रतलाम में 50 मजदूरों से भरी बोलेरो खाई में गिरी, 2 महिलाएं घायल


रतलाम, 03 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पिपलौदा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक गंभीर हादसा टल गया, जब करीब 50 मजदूरों को लेकर जा रही एक बोलेरो वाहन खाई में जा गिरी। घटना आंबा के पास नवदुर्गा पूनयाखेड़ी रोड फंटे पर उस समय हुई, जब चालक यू-टर्न लेने के लिए वाहन को रिवर्स कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, वाहन की रफ्तार कम होने के कारण बड़ा नुकसान टल गया। हादसे में दो महिलाओं को हल्की चोटें आईं, जबकि अन्य सभी मजदूर सुरक्षित बताए गए हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने जेसीबी मशीन की मदद से बोलेरो को खाई से बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि सभी मजदूर सुरक्षित बाहर निकल आए। हालांकि, हैरानी की बात यह रही कि सूचना मिलने के बावजूद पुलिस या प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

बताया जा रहा है कि यह बिना नंबर की जर्जर बोलेरो राजस्थान के दानपुर क्षेत्र से मजदूरों को लेकर आ रही थी। रिवर्स के दौरान चालक संतुलन खो बैठा, जिससे वाहन पुलिया के किनारे खाई में गिर गया। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस हादसे के बाद भी उसी मार्ग पर ओवरलोड वाहन लगातार गुजरते रहे, लेकिन उन्हें रोकने वाला कोई नहीं था। गौरतलब है कि हाल ही में धार जिले में मजदूरों से भरे वाहन के पलटने से 16 लोगों की जान चली गई थी। इसके बावजूद रतलाम जिले में ओवरलोडिंग पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई है।

प्रशासनिक उदासीनता पर उठे सवाल

सरवन, सैलाना और बाजना जैसे आदिवासी अंचलों में ओवरलोड वाहनों की आवाजाही आम बात बनी हुई है। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद प्रशासन की निष्क्रियता गंभीर चिंता का विषय है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में और भी बड़े हादसों से इनकार नहीं किया जा सकता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story