उज्जैन में रेलवे ट्रैक पर कॉन्ट्रैक्टर का शव मिला, मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैन में रेलवे ट्रैक पर कॉन्ट्रैक्टर का शव मिला, मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका


उज्जैन, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में मक्सी रोड स्थित उद्योगपुरी क्षेत्र में मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक कॉन्ट्रैक्टर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अलकापुरी निवासी राजकुमार चौहान के रूप में हुई है। प्रारंभिक आशंका है कि वह सुपरफास्ट ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार 46 वर्षीय राजकुमार चौहान मंगलवार सुबह रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसी दौरान पुलिस को मक्सी रोड रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली। मौके से मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान राजकुमार चौहान के रूप में हुई, जिसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।

ट्रेन की टक्कर से शरीर के हुए क्षत-विक्षत

सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच रेलवे ब्रिज के नीचे सुपरफास्ट ट्रेन की चपेट में आने से राजकुमार चौहान की मौत हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनका शरीर गंभीर रूप से क्षत-विक्षत हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस ने क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच शुरू की।

शहर के प्रतिष्ठित कॉन्ट्रैक्टर थे राजकुमार

राजकुमार चौहान एमपीईबी से जुड़े ठेकेदारी कार्य करते थे और शहर के जाने-माने कॉन्ट्रैक्टर माने जाते थे। उनके करीबी मित्र विजय कुमावत ने बताया कि वर्ष 2016 से दोनों व्यवसायिक साझेदार रहे थे। बाद में साझेदारी समाप्त हो गई, लेकिन दोनों के बीच अच्छे संबंध बने रहे। उनके अनुसार, राजकुमार के व्यवहार में हाल के दिनों में किसी प्रकार का तनाव या परेशानी नजर नहीं आई थी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

राजकुमार चौहान तीन भाइयों में मंझले थे। उनके बड़े भाई एमपीईबी में कार्यरत हैं, जबकि छोटे भाई पेशे से अधिवक्ता हैं। परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा नौकरी करता है, जबकि छोटा बेटा पढ़ाई कर रहा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए।

आत्महत्या या हादसा? पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला आत्महत्या का है या दुर्घटना का। पुलिस घटनास्थल के साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य परिस्थितियों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story