शुजालपुर में लापता 10 वर्षीय छात्र का शव मिला, हत्या की आशंका, एक नाबालिग से पूछताछ
पावर ग्रिड के पास खंडहरनुमा भवन में मिला शव, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
शुजालपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शाजापुरजिले के कालापीपल थाना क्षेत्र के नांदनी गांव में गुरुवार शाम से लापता 10 वर्षीय छात्र का शव शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। शव बिजली कंपनी के पावर ग्रिड के पास स्थित एक खंडहरनुमा भवन में मिला। पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई है और मामले की जांच शुरू कर दी है। संदेह के आधार पर एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मृतक की पहचान प्रियांशु मेवाड़ा (10) के रूप में हुई है। वह किसान सुरेश मेवाड़ा का पुत्र था और गांव के आकाश पब्लिक स्कूल में चौथी कक्षा का छात्र था। परिवार में वह दो बहनों का इकलौता भाई था। परिजनों के अनुसार, प्रियांशु गुरुवार शाम करीब 5 बजे के बाद घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। सूचना मिलने पर कालापीपल थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर रात से ही उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
पावर ग्रिड के पास मिला शव
पुलिस के अनुसार, जिस क्षेत्र में पावर ग्रिड स्थित है, वहां बच्चे अक्सर खेलते हैं। प्रियांशु को आखिरी बार इसी इलाके में देखा गया था। शुक्रवार सुबह तलाश के दौरान उसी क्षेत्र के एक खंडहरनुमा भवन से उसका शव बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि लापता होने से पहले किसी व्यक्ति ने प्रियांशु को गुटखा पाउच लाने के लिए भेजा था। इसी आधार पर पुलिस ने संदेह के चलते एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि, उसकी भूमिका की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर एफएसएल टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और आवश्यक सबूत एकत्र किए गए। एसडीओपी शुजालपुर निमिष देशमुख ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। हिरासत में लिए गए नाबालिग से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि हत्या के कारणों और घटनाक्रम का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही किया जा सकेगा। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

