भोपाल के हथाईखेड़ा डेम में मूकबधिर युवक का शव मिला, हत्या की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के हथाईखेड़ा डेम में मूकबधिर युवक का शव मिला, हत्या की आशंका


भोपाल, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के हथाईखेड़ा डेम में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अमित विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो इंदौर में एक होटल में काम करता था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साेमवार दाेपहर काे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय अमित विश्वकर्मा पुत्र शिवरत्न विश्वकर्मा इंदौर के संजीव नगर क्षेत्र का निवासी था। वह बचपन से मूकबधिर था और इंदौर के एक होटल में नौकरी करता था। परिजनों ने बताया कि अमित करीब 15 दिन पहले अपने पिता से मिलने आया था, जिसके बाद वह वापस इंदौर लौट गया था। मृतक के पिता शिवरत्न विश्वकर्मा के अनुसार शनिवार को वीडियो कॉल पर अमित से आखिरी बार बात हुई थी। उस समय वह सामान्य दिखाई दे रहा था और उसने किसी प्रकार की परेशानी का जिक्र नहीं किया था।

परिवार का कहना है कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि अमित भोपाल कब और कैसे पहुंचा। सोमवार सुबह पुलिस ने फोन कर डेम में शव मिलने की सूचना दी। मृतक के पिता ने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि अमित आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता था। उन्होंने बताया कि शव पर, विशेषकर एक आंख के पास चोट के निशान दिखाई दिए हैं। साथ ही, अमित के दोनों मोबाइल फोन भी मौके से नहीं मिले हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story