इंदौर के बाणगंगा इलाके में फैक्ट्री मजदूर का शव मिलने से सनसनी, सिर पर चोट के निशान, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर के बाणगंगा इलाके में फैक्ट्री मजदूर का शव मिलने से सनसनी, सिर पर चोट के निशान, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस


इंदौर, 23 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक फैक्ट्री मजदूर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय परदेशी इक्का के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झांसी का निवासी था और पिछले कई वर्षों से इंदौर में रहकर एक फैक्ट्री में काम कर रहा था। पुलिस ने मामले में हादसा और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सुबह सूचना मिली कि अवंतिका गैस एजेंसी के पास सेक्टर-1 स्थित एक चाय की टपरी के समीप एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर एसीपी रुबीना मिजवानी और बाणगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान युवक मृत पाया गया। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर हल्के चोट के निशान मिले हैं। वहीं, शव के पास से शराब की गंध आने की बात भी सामने आई है। पुलिस इस पहलू को भी जांच का हिस्सा मानकर पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, विशेष रूप से क्षेत्र की शराब दुकान के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही मृतक के संपर्क में रहने वाले कुछ लोगों और दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा सके। एसीपी रुबीना मिजवानी ने बताया कि फिलहाल सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story