सतना में बंद कमरे में मिले पति-पत्नी के शव, हत्या के बाद खुदकुशी की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
सतना, 27 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के सतना जिले के तिवनी गांव के एक घर के भीतर बंद कमरे में पति-पत्नी के शव मिले हैं। 45 वर्षीय किसान रामनिवास कोरी का शव जहां फंदे से लटकता मिला, वहीं उनकी 43 वर्षीय पत्नी शकुंतला का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ मिला। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को अंदेशा है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और उसके बाद खुदकुशी कर ली।
जानकारी के अनुसार, घटना का खुलासा बुधवार सुबह हुआ, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो कमरे का दरवाजा अंदर से पूरी तरह लॉक था। पुलिस ने जब दरवाजा खोलकर भीतर प्रवेश किया, तो देखा कि किसान रामनिवास फंदे पर झूल रहा था और पत्नी बिस्तर पर मृत अवस्था में थी। चौंकाने वाली बात यह है कि पूरे कमरे में कहीं भी खून के धब्बे नहीं मिले हैं और न ही मृतका शकुंतला के शरीर पर किसी धारदार हथियार या चोट के बाहरी निशान दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि रामनिवास ने पहले शकुंतला का गला घोंटा और फिर खुद फंदे पर लटक गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला मुख्यालय से फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को तत्काल मौके पर बुलाया गया। एफएसएल के विशेषज्ञों ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स और अन्य जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ऐसी क्या वजह थी, जिसके कारण किसान को ये कदम उठाना पड़ा। इस दोहरी मौत के पीछे के असली कारणों को खंगालने के लिए पुलिस मृतक दंपति के परिजनों और आसपास के ग्रामीणों से लगातार पूछताछ कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

