रायसेन के जंगल में जीजा-साली के शव मिले, रविवार शाम बाइक से निकले थे दोनों, परिजनों के विरोध की बात सामने आई
रायसेन, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के बाड़ी क्षेत्र में सोमवार सुबह जंगल में एक पेड़ से जीजा और साली के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध और पारिवारिक विरोध से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दोनों की पहचान सिलवानी क्षेत्र निवासी रुपेश कुशवाह (38) और पिंकी कुशवाह के रूप में हुई है। बाड़ी क्षेत्र के नागिन मोड़ स्थित पीपल वाले जंगल से सोमवार सुबह गुजर रहे लोगों ने एक पेड़ पर युवक और युवती के शव देखे। पास में एक बाइक खड़ी थी। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बाड़ी और सुल्तानपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, सिलवानी थाना क्षेत्र की जैतहरी चौकी अंतर्गत बिकलपुर निवासी रुपेश कुशवाह रविवार दोपहर अपनी साली पिंकी कुशवाह को लेने पाठा पौड़ी गांव गए थे। इसके बाद दोनों बाइक से घर से निकले, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने तलाश करने के बाद रात करीब एक बजे सिलवानी थाने में दोनों के लापता होने की सूचना दी थी। सोमवार सुबह जंगल में बाइक मिलने के बाद दोनों की पहचान हो सकी।
प्रेम संबंध की जांच कर रही पुलिस
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रुपेश और पिंकी के बीच संबंधों को लेकर परिवार में विरोध था। पुलिस इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। बताया गया है कि पिंकी कुशवाह का विवाह पहले हो चुका था। ग्रामीणों के अनुसार, उनकी पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने कहा- हर पहलू से होगी जांच
बाड़ी एसडीओपी नीलम चौधरी ने बताया कि सोमवार सुबह जंगल में महिला और पुरुष के शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विरोध और संबंधों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

