सागर : बीएमसी में प्रसूता और नवजात की मौत, परिजनों ने लापरवाही व रिश्वत मांगने का आरोप लगाया

WhatsApp Channel Join Now
सागर : बीएमसी में प्रसूता और नवजात की मौत, परिजनों ने लापरवाही व रिश्वत मांगने का आरोप लगाया


सागर, 20 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में सोमवार को एक प्रसूता और नवजात की मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और नर्सिंग स्टाफ पर इलाज में लापरवाही तथा ₹50 हजार रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया है।

मृतका की पहचान संध्या अहिरवार (30) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, संध्या को 17 अप्रैल को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि समय पर इलाज नहीं किया गया और ऑपरेशन में देरी की गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई।

परिजनों का कहना है कि सोमवार सुबह करीब 5 बजे संध्या की तबीयत अचानक गंभीर हो गई। डॉक्टरों ने उपचार का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस दौरान नवजात की भी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भड़क गए और अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए डॉक्टरों व स्टाफ पर लापरवाही के आरोप लगाए।

परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि:

-

मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए

-

दोषी डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर कार्रवाई हो

-

रिश्वत मांगने के आरोपों की उच्च स्तरीय जांच हो

-

अस्पताल व्यवस्था में सुधार किया जाए

फिलहाल, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस और प्रशासन मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story