सागर में हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए ब्लैक आउट मॉकड्रिल, रेस्क्यू टीमों ने परखी तैयारियां

WhatsApp Channel Join Now
सागर में हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए ब्लैक आउट मॉकड्रिल, रेस्क्यू टीमों ने परखी तैयारियां


सागर, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में युद्ध या हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्रशासनिक तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार को व्यापक ब्लैक आउट मॉकड्रिल किया गया। स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय परिसर में संपन्न हुआ। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देशन एवं संयुक्त कलेक्टर आरती यादव के मार्गदर्शन में आयोजित इस मॉकड्रिल में विभिन्न सुरक्षा और बचाव एजेंसियों ने अपनी मुस्तैदी का प्रदर्शन किया।

मॉकड्रिल के लिए तैयार किए गए काल्पनिक परिदृश्य के तहत जैसे ही विश्वविद्यालय परिसर पर हवाई हमले की चेतावनी प्राप्त हुई, तत्काल सायरन बजाकर पूरे क्षेत्र में ब्लैक आउट की कार्रवाई की गई। इस दौरान परिसर के कुछ हिस्सों में आग लगने जैसी आपात स्थिति निर्मित की गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा बलों ने तुरंत प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी कर उसे सुरक्षित किया और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का अभ्यास किया।

आग पर नियंत्रण पाने के साथ ही एसडीईआरएफ, होमगार्ड, सिविल डिफेंस और आपदा मित्रों की विभिन्न टुकड़ियों- फायर पार्टी, सर्च पार्टी, रेस्क्यू पार्टी और स्ट्रेचर पार्टी ने आपसी समन्वय के साथ मोर्चा संभाला। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई ताकि कोई भी व्यक्ति मलबे या इमारत में फंसा न रह जाए। अभ्यास के दौरान चार गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया, वहीं मामूली रूप से घायल लोगों को घटनास्थल पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।

इस संपूर्ण मॉकड्रिल का सफल संचालन जिला सेनानी होमगार्ड सागर भूपेंद्र सिंह ठाकुर द्वारा किया गया। अभ्यास के समापन पर सभी रेस्क्यू दलों की डी-ब्रीफिंग की गई, जिसमें ऑपरेशन के दौरान की गई कार्रवाइयों की समीक्षा कर भविष्य के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी पी.के. दत्ता, कंपनी कमांडर अनिमेष राजपूत, प्लाटून कमांडर समीक्षा श्रीधर, हवलदार स्टोरमैन लक्ष्मी अहिरवार, हवलदार वाहन चालक अनिल चढ़ार, आरक्षक सौरभ सिंह चौहान, मुख्य अग्नि प्रशिक्षक अरुण कुमार सिंह, मनीष दुबे और सिविल डिफेंस डिवीजन वार्डन राजेश मिश्रा विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त फायर विभाग, एनसीसी, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा 50 से अधिक सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स और आपदा मित्रों ने इस अभ्यास में सक्रिय सहभागिता निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784450 Articles

Share this story