अनूपपुर: जनसुनवाई में भाजपा का'सहयोग सेल'शुरू, कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्या
अनूपपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय में मंगलवार को जनसमस्याओं के समाधान के लिए दो अलग-अलग जगहों पर सुनवाई हुई। एक तरफ भारतीय जनता पार्टी ने 'सहयोग सेल' शुरू किया, वहीं दूसरी ओर कलेक्टर ने साप्ताहिक जनसुनवाई में लोगों की शिकायतें सुनीं। कलेक्टर ने 49 आवेदकों की समस्याओं को सुनते संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए है।
भाजपा जिला कार्यालय में 'सहयोग सेल' की शुरुआत संभागीय प्रभारी गौरव सिरोठिया, जिला प्रभारी संजय साहू और जिलाध्यक्ष हीरा सिंह श्याम के मार्गदर्शन में हुई। इसका उद्घाटन मप्र अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) रामलाल रौतेल, कोतमा नगर पालिका अध्यक्ष अजय सराफ और जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र भट्ट ने किया।
पहले दिन शिक्षा, स्वास्थ्य और राजस्व से जुड़ी शिकायतों पर जनप्रतिनिधियों ने मौके पर ही अधिकारियों से फोन पर बात कर समाधान के निर्देश दिए। संगठन ने तय किया है कि समस्याओं के समाधान के लिए विभागों से औपचारिक पत्र व्यवहार किया जाएगा और समय पर कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी जाएगी। 2 सितंबर को होने वाली अगली सुनवाई में नपा अध्यक्ष सहबिन पनिका और जिला उपाध्यक्ष मदन त्रिपाठी मौजूद रहेंगे।
अधूरी सड़क मरम्मत मांग
कलेक्ट्रेट कार्यालय में मंगलवार को दो मुख्य आवेदनों ने प्रशासनिक कामकाज पर सवाल उठाए। पुष्पराजगढ़ के ग्राम पंचायत बोदा के सरपंच अर्जुन सिंह और सुनीता बाई ने बताया कि 2014-15 में बनी बोदा से खुर्शी तक की प्रधानमंत्री सड़क की 2024-25 में अधूरी मरम्मत हुई। खराब डामरीकरण के कारण सड़क बीच से बह गई है और उसमें बड़े गड्ढे हो गए हैं। इस वजह से गांव में एम्बुलेंस और चार पहिया वाहन नहीं आ पा रहे हैं। गांव आने वाली 3 यात्री बसें भी बंद हो गई हैं, जिससे ग्रामीणों को 5 किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है। बैगा जनजाति बहुल इस इलाके के लोगों ने सड़क की तुरंत मरम्मत की मांग की है।
अधिग्रहण पर मुआवजा मांगा
ग्राम बम्हनी (तहसील पुष्पराजगढ़) की टेकवती पिता नेपाल सिंह ने नेशनल हाईवे शहडोल-पंडरिया में अधिग्रहित अपनी निजी जमीन (खसरा नं. 24/2/1, रकबा 2.025 हेक्टेयर) के मुआवजे के लिए आवेदन दिया। उनका आरोप है कि पहले पटवारी ने सीमांकन कर पंचनामा बनाया था, लेकिन अब तक 3 पटवारी बदल चुके हैं। वर्तमान पटवारी भूमि न होने की बात कहकर गुमराह कर रहे हैं। आवेदिका ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में निष्पक्ष जांच और मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई है।
कलेक्टर ने जिला स्तरीय जनसुनवाई में 49 आवेदनों पर की सुनवाई
इस दौरान जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर रत्नाकर झा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में प्राप्त 49 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही की।
जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। तहसील अनूपपुर के ग्राम परसवार के मन्नू लाल कोल ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन पुनः प्रारंभ कराने, तहसील पुष्पराजगढ़ के ग्राम बिलासपुर की रजनी मरावी ने अंकसूची में नाम संशोधन कराने, तहसील अनूपपुर के ग्राम पायरी नंबर-1 निवासी अमृतिया ने मोहल्ले में विद्युत ट्रांसफार्मर बदलवाने तथा तहसील अनूपपुर के ग्राम कोड़ाकांसा निवासी कुंती बाई ने विच्छेदित घरेलू विद्युत कनेक्शन पुनः जोड़ने के संबंध में आवेदन सौंपा।
तहसील पुष्पराजगढ़ के ग्राम बम्हनी की टेकवती सिंह ने भूमि का सीमांकन कराने तथा तहसील जैतहरी के गुलमोहर सिंह कुशवाहा ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जनसुनवाई में अन्य आवेदकों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

