भाजपा का लक्ष्य सत्ता नहीं, राष्ट्र सेवा और समग्र विकास: अजय जामवाल
भोपाल/बड़वानी, 03 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने शुक्रवार को बड़वानी जिले के खेतिया, पानसेमल और सेंधवा मंडलों में आयोजित प्रशिक्षण वर्गों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति का मूल उद्देश्य सत्ता प्राप्ति नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज की सेवा है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य समाज के हर वर्ग का समग्र विकास सुनिश्चित करना है।
उन्होंने “भारत माता की जय” के उद्घोष को भाजपा की पहचान बताते हुए कहा कि यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है। “भारत हमारी भूमि है, माता हमारी संस्कृति है और जय जनता की शक्ति का प्रतीक है। यह उद्घोष हमें अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करता है,” उन्होंने कहा।
बूथ ही संगठन की सबसे मजबूत कड़ी
अजय जामवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत उसकी प्राथमिक इकाई-बूथ में निहित है। “बूथ सबसे मजबूत” के मंत्र को साकार करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बूथ स्तर पर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करें और उन्हें पार्टी की विचारधारा से जोड़ें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं के कौशल विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, जो उन्हें संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करते हैं।
राजनीति सेवा का माध्यम, केवल सत्ता का नहीं
जामवाल ने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं को सशक्त और सक्षम बनाने के लिए निरंतर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता है। पार्टी की सफलता केवल चुनावी जीत तक सीमित नहीं है, बल्कि उसकी मजबूत विचारधारा, समर्पित कार्यकर्ता और सतत प्रशिक्षण उसकी असली शक्ति हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को वर्ष 2047 तक विकसित और समृद्ध राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि समर्पण, मेहनत और ईमानदारी के साथ कार्य करने पर कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं होता।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

