डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार आज भी भाजपा की वैचारिक शक्ति का आधार: सांसद सुधीर गुप्ता
मंदसौर, 6 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में साेमवार को जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया। कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और संगठनात्मक योगदान को याद करते हुए कार्यकर्ताओं से उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल जनसंघ के संस्थापक ही नहीं, बल्कि स्वतंत्र भारत के वैचारिक पुनर्जागरण के प्रमुख शिल्पी थे। उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी भाजपा के लिए प्रेरणास्रोत है।
राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में डॉ. मुखर्जी ने देश के औद्योगिक विकास की मजबूत नींव रखी। उनका दूरदर्शी नेतृत्व आज भी प्रासंगिक है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने स्वागत भाषण में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और संगठन निर्माण को समर्पित रहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
सम्मेलन के दौरान जिले की सभी बूथों पर गठित 21 सदस्यीय बूथ समितियों के प्रमाण-पत्र वितरण की समीक्षा भी की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री कैलाश चावला, विधायक हरदीप सिंह डंग, विधायक चंद्रसिंह सिसौदिया, प्रदेश प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसौदिया, जिला महामंत्री शिवराज सिंह राणा एवं विजय सुराना, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पाटीदार, नगरपालिका अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

