मंदसौरः भाजपा युवा मोर्चा पहुंचा कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने, कांग्रेस नेत्री ने उठाई चप्पल, भाजपा ने किया प्रदर्शन
मंदसौर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पेक्ट समीट कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की युवा इकाई द्वारा कथित रूप से शर्ट उतारकर नारेबाजी और हंगामा किए जाने के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने शनिवार को शहर के गांधी चौराहा पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाजयुमो पदाधिकारियों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में इस प्रकार का आचरण भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने वाला है। उनका कहना था कि जब देश तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है, तब इस तरह के विरोध प्रदर्शन से न केवल कार्यक्रम की गरिमा प्रभावित होती है, बल्कि विश्व समुदाय में भारत की छवि पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की युवा इकाई ने जानबूझकर अंतरराष्ट्रीय मंच को राजनीतिक विरोध का माध्यम बनाया, जो निंदनीय है।
भाजयुमो कार्यकर्ता भारत माता चौराहा स्थित भाजपा कार्यालय से एकत्रित होकर शहर के गांधी चौराहे पर पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस कार्यालय के बाहर नारेबाजी की और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का पुतला दहन किया। इस दौरान जलते पुतले पर लाते भी बरसाई गई। कार्यकतार्ओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इसे अलोकतांत्रिक और गैर-जिम्मेदाराना आचरण बताया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराने के अनेक संवैधानिक और शांतिपूर्ण तरीके उपलब्ध हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय मंच पर हंगामा करना अनुचित है।भाजयुमो नेताओं ने कहा कि युवा वर्ग को सकारात्मक राजनीति और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि भविष्य में ऐसे आयोजनों की गरिमा बनाए रखने के लिए जिम्मेदार आचरण सुनिश्चित किया जाए।
विरोध प्रदर्शन के दौरान भारतीय जनता पार्टी कार्यकतार्ओं द्वारा कांग्रेस कार्यालय के भीतर घुसने का प्रयास भी किया गया। इसी दौरान जिला कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगे बॉर्डर पर सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खडगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, जीतू पटवारी और मीनाक्षी नटराजन के चित्रों पर स्कैच पैन से कालिख पोतने की घटना भी सामने आई, जिसे युवा मोर्चा कार्यकतार्ओं द्वारा अंजाम दिया गया। घटना के बाद कांग्रेसजन भी कार्यालय के बाहर आ गए और दोनों दलों के नेता आमने-सामने हो गए। एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। इस दौरान एक दृश्य यह भी देखने को मिला कि एक कांग्रेस नेत्री वर्षा सांखला भाजपा नेताओं और कार्यकतार्ओं के सामने चप्पल लेकर खड़ी हो गई। स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस ने बीच-बचाव किया और मामला शांत कराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

