सागरः जिले में भाजपा का दो दिवसीय 'पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान' संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
सागरः जिले में भाजपा का दो दिवसीय 'पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान' संपन्न


सागर, 04 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला सागर के तत्वावधान में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत बिलहरा एवं केसली मंडल में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हुआ।

बिलहरा के कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मध्य प्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है, जो केवल सत्ता के लिए नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा और अंत्योदय के विचार पर टिका है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविरों से कार्यकर्ताओं में अनुशासन आता है और नए नेतृत्व का निर्माण होता है। केसली मंडल में विधायक बृजबिहारी पटेरिया द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

केसली में विभिन्न वक्ताओं द्वारा एवं बिलहरा में जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह ने सत्र के दौरान केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, भाजपा सरकार का एकमात्र लक्ष्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का उत्थान है। कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे सरकार की योजनाओं और आम जनता के बीच सेतु का काम करें।

बिलहरा में भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने जबकि केसली में वरिष्ठ वक्ताओं ने प्रशिक्षण सत्र में पार्टी की विकास यात्रा और विचारधारा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे जनसंघ से लेकर भाजपा तक का सफर त्याग और सेवा की नींव पर खड़ा है।

प्रथम दिन: पंजीकरण के पश्चात भाजपा का उद्भव, व्यक्तित्व विकास, केंद्र सरकार की उपलब्धियां और सोशल मीडिया/IT की भूमिका जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।

द्वितीय दिन: सुबह की शुरुआत योग और प्रार्थना के साथ हुई, जिसके बाद संगठन की कार्यपद्धति और आगामी सांगठनिक लक्ष्यों पर चर्चा की गई।

तकनीकी सत्र: बिलहरा में आईटी विभाग के जिला संयोजक बालकिशन सोनी ने कार्यकर्ताओं को 'नमो ऐप', सोशल मीडिया प्रबंधन और आधुनिक दौर में 'एआई' (AI) के उपयोग के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story