बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने भोपाल गैस त्रासदी की बरसीं पर श्रद्धांजलि दी, कहा- यह मानव इतिहास की सबसे भीषण औद्योगिक दुर्घटना
मध्य प्रदेश, 3 दिसंबर (हि.स.)। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने भोपाल गैस त्रासदी की 41वीं बरसी पर नागरिकों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए पीड़ित परिवारों के स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि वर्ष 1984 की मध्यरात्रि को हुई यह विनाशकारी दुर्घटना मानव इतिहास की सबसे भीषण औद्योगिक त्रासदियों में से एक है। यूनियन कार्बाइड संयंत्र से रिसी जहरीली गैस ने हजारों निर्दोषों को असमय मौत के मुंह में धकेल दिया और लाखों लोग आज भी इसके दुष्प्रभावों से जूझ रहे हैं। यह त्रासदी हमारे अंतर्मन को आज भी झकझोर देती है। उन्होंने कहा कि 15 हजार से अधिक लोग इस दुर्घटना में मारे गए तथा अनगिनत नागरिक गंभीर, प्राणघातक बीमारियों के शिकार हुए। यह त्रासदी हमें सतर्कता, सुरक्षा मानकों के पालन और मानवीय दृष्टिकोण को सर्वोपरि रखने की सीख देती है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हों। उन्होंने सभी प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी सदैव पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

