भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल तीन दिवसीय दौरे पर, सात जिलों के प्रशिक्षण वर्गों को करेंगे संबोधित
भोपाल, 22 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल आज यानि 22 से 24 मई तक मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर ग्रामीण, निवाड़ी, छतरपुर और सतना में आयोजित जिला प्रशिक्षण वर्गों में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
भाजपा मीडिया प्रदेश प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा संगठन द्वारा आयोजित इन प्रशिक्षण वर्गों में पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यप्रणाली और आगामी रणनीतियों को लेकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया जाएगा।
22 मई: गुना और अशोकनगर में कार्यक्रम
प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल आज शुक्रवार को सुबह 11:30 बजे गुना स्थित ग्रीन माउंटेन गादेर की गुफा, ए.बी. रोड पर आयोजित जिला प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे अशोकनगर के थोमन जी में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में भाग लेंगे।
23 मई: शिवपुरी और ग्वालियर ग्रामीण का दौरा
23 मई को प्रदेेश अध्यक्ष खंडेलवाल सुबह 11 बजे शिवपुरी में आयोजित जिला प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय सत्र में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे ग्वालियर ग्रामीण में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करेंगे।
24 मई: छतरपुर और सतना में कार्यकर्ताओं से संवाद
तीन दिवसीय प्रवास के अंतिम दिन 24 मई को प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल सुबह 11:30 बजे छतरपुर में जिला प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। वहीं शाम 6 बजे सतना में आयोजित जिला प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित कर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। भाजपा संगठन के अनुसार, इन प्रशिक्षण वर्गों का उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

