भोपालः भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंत्री राव उदय प्रताप सिंह का संवाद, कार्यकर्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
भोपालः भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंत्री राव उदय प्रताप सिंह का संवाद, कार्यकर्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर


भोपाल, 08 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने बुधवार को भाेपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।

इस दौरान मंत्री ने कार्यकर्ताओं द्वारा उठाए गए जनहित से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए कई मामलों का तत्काल निराकरण कराया। जिन समस्याओं का मौके पर समाधान संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

संवाद के दौरान राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनके माध्यम से ही आम जनता की समस्याएं सरकार तक पहुंचती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं की बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए भरोसा दिलाया कि हर समस्या का समयबद्ध समाधान कराया जाएगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं। मंत्री ने सभी को आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story