भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंत्रियों ने सुनीं कार्यकर्ताओं की जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
भोपाल, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री करण सिंह वर्मा और मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं और सुझाव सुने। मंत्रियों ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जिन मामलों में विभागीय कार्रवाई जरूरी है, उन्हें संबंधित विभागों को भेजकर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
मंत्रियों ने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्राप्त जनसमस्याओं का गंभीरता से परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का निराकरण कर उन्हें शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के नेतृत्व में संगठन जनहित से जुड़े विषयों के समाधान के लिए लगातार काम कर रहा है। कार्यकर्ताओं के माध्यम से सामने आने वाली समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके निराकरण की प्रक्रिया को गति दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

