भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर


भोपाल, 17 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से सीधा संवाद किया। यह संवाद कार्यक्रम जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और संगठन-सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री कुशवाह ने कार्यकर्ताओं और नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया। जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को प्राथमिकता के साथ भेजते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। संवाद के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वे जनता और सरकार के बीच मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं की समस्याओं और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए भरोसा दिलाया कि हर जायज समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

मंत्री कुशवाह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है, ताकि आमजन को वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे जनता की समस्याओं को सक्रियता से सामने लाएं, जिससे शासन स्तर पर उनका शीघ्र समाधान किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story