भाजपा प्रदेश कार्यालय में कैलाश विजयवर्गीय ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा प्रदेश कार्यालय में कैलाश विजयवर्गीय ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश


भोपाल, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं और सुझाव सुने। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मामलों पर संबंधित अधिकारियों से तत्काल चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए तथा जिन समस्याओं का मौके पर समाधान संभव था, उनका तत्काल निराकरण कराया।

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्थानीय विकास, नागरिक सुविधाओं और विभिन्न विभागों से जुड़े विषय मंत्री के समक्ष रखे। विजयवर्गीय ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिन मामलों में विस्तृत प्रशासनिक प्रक्रिया आवश्यक है, उन्हें संबंधित विभागों को शीघ्र परीक्षण एवं समयबद्ध निराकरण के लिए भेजा गया।

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से सामने आने वाली जनसमस्याएं सरकार तक जनता की अपेक्षाओं और जरूरतों को पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्राप्त सभी प्रकरणों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story