मप्रः भाजपा प्रदेश कार्यालय में निःशुल्क फाइब्रोस्कैन स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ, उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः भाजपा प्रदेश कार्यालय में निःशुल्क फाइब्रोस्कैन स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ, उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने किया उद्घाटन


भोपाल, 01 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सोमवार को भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित निःशुल्क फाइब्रोस्कैन स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ मध्य प्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने किया। इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री गौतम टेटवाल, मध्यप्रदेश तीर्थ एवं मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गोटिया, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. विशाल बघेल सहित प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, चिकित्सक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा आधुनिक फाइब्रोस्कैन मशीन के माध्यम से लिवर की निःशुल्क जांच की गई तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। शिविर का लाभ प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक लिया। कुल 105 लोगों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया।

कार्यकर्ताओं और आमजन के लिए बड़ी सौगात : जगदीश देवड़ा

उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने स्वास्थ्य शिविर के आयोजन के लिए चिकित्सा प्रकोष्ठ एवं चिकित्सकों की टीम को बधाई देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सबसे बड़ा धन है और समय पर जांच गंभीर बीमारियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रतिदिन प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से कार्यकर्ता एवं आमजन अपनी समस्याओं और आवश्यक कार्यों के लिए आते हैं। ऐसे में उन्हें चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है।

उन्होंने कहा कि निःशुल्क फाइब्रोस्कैन शिविर केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति सेवा, समर्पण और स्वास्थ्य जागरूकता के संकल्प को मजबूत करने वाला अभियान है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में इस प्रकार का स्वास्थ्य शिविर कार्यकर्ताओं एवं आमजन के लिए एक बड़ी सौगात है, जो स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समय पर उपचार की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

लिवर रोगों की समय पर पहचान और परामर्श पर जोर -डॉ. विशाल बघेल

भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. विशाल बघेल ने कहा कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क फाइब्रोस्कैन जांच एवं स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया। निःशुल्क फाइब्रोस्कैन स्वास्थ्य शिविर में 105 लोगों ने लिया स्वास्थ्य लाभ लिया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क फाइब्रोस्कैन जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। शिविर का उद्देश्य आमजन को यकृत (लिवर) संबंधी रोगों की समय पर जांच, उचित परामर्श तथा आवश्यक स्वास्थ्य मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story