भाजपा प्रदेश कार्यालय में कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप ने सुनीं जनसमस्याएं, कार्यकर्ताओं से किया सीधा संवाद

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा प्रदेश कार्यालय में कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप ने सुनीं जनसमस्याएं, कार्यकर्ताओं से किया सीधा संवाद


भोपाल, 25 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आमजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी भी उपस्थित रहे।

संवाद कार्यक्रम के दौरान मंत्री काश्यप ने कार्यकर्ताओं और नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर विभिन्न जनसमस्याओं एवं स्थानीय मुद्दों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित विषयों पर अधिकारियों से चर्चा कर कई मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। मंत्री काश्यप ने कहा कि सरकार जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता और सरकार के बीच प्रभावी सेतु की भूमिका निभाते हुए लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से सामने लाएं।

कार्यक्रम के दौरान प्राप्त जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उन्हें आवश्यक कार्रवाई और निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। मंत्री काश्यप ने भरोसा दिलाया कि सभी प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। संवाद कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों और जनहित के विषयों को मंत्री के समक्ष रखा। इस अवसर पर संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय तथा जनसमस्याओं के प्रभावी निराकरण पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं को सीधे मंत्री से संवाद करने और विभिन्न जनहित विषयों पर अपनी बात रखने का अवसर मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story