भाजपा प्रदेश कार्यालय में कैबिनेट मंत्री इंदर सिंह परमार ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा प्रदेश कार्यालय में कैबिनेट मंत्री इंदर सिंह परमार ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश


भोपाल, 26 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री इंदर सिंह परमार ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक अपनी विभिन्न समस्याएं लेकर पहुंचे। मंत्री परमार ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुना और जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव था, उनका मौके पर ही निराकरण कराया। जिन समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं शीघ्र निराकरण के लिए भेजा गया। मंत्री ने अधिकारियों से समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान इंदर सिंह परमार ने कहा कि सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाएगी और पात्र लोगों को शीघ्र राहत दिलाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story