भाजपा प्रदेश कार्यालय में कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
भोपाल, 23 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न जनहित और विकास कार्यों से संबंधित मुद्दे मंत्री के समक्ष रखे।
कैबिनेट मंत्री काश्यप ने प्राप्त शिकायतों और मांगों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिन मामलों का मौके पर समाधान संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई और शीघ्र निराकरण के लिए भेजा गया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और कार्यकर्ताओं के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी प्रकरणों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर जल्द समाधान कराया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

