दिग्विजय सिंह ने हमेशा अल्पसंख्यकों का अपमान किया : डॉ. सनवर पटेल

दिग्विजय सिंह ने हमेशा अल्पसंख्यकों का अपमान किया : डॉ. सनवर पटेल


भोपाल, 25 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. सनवर पटेल ने कहा है कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने अल्पसंख्यक समाज को सदैव वोट बैंक मानने और उन्हें अपमानित करने का काम किया है। कल दिग्विजय सिंह ने बुरहानपुर में आयोजित सम्मेलन में मुस्लिम पार्षद अबरार भाई से बदतमीजी करके उन्हें भरे मंच से नीचे उतारा। यही नहीं भाई ओवेस शेख और दूसरे मुस्लिम भाईयों का अपमान किया। जिस तरह दिग्विजय सिंह ने मुस्लिम समाज के भाईयों के साथ बदतमीजी करते हुए मंच से उतारकर अपमानित किया है, यह केवल उनका ही नहीं, सम्पूर्ण मुस्लिम समाज का अपमान है।

डॉ. पटेल ने गुरुवार को अपने बयान में कहा कि दिग्विजय सिंह लगातार मुस्लिम समाज को अपमानित करने का काम करते हैं। दिग्विजय सिंह हमेशा देश विरोधी ताकतों के साथ खड़े दिखाई देते हैं। माता-बहनों को अपमानित करने में भी पीछे नहीं रहते हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्यक्रमों में भी दिग्विजय सिंह लोगों को अपमानित करने से बाज नहीं आते हैं। उज्जैन में सामाजिक सम्मलेन में दिग्विजय सिंह के स्वागत के लिए जब समाज का जिला अध्यक्ष खड़ा होता है, तो दिग्विजय सिंह उनके साथ हाथापाई करने का काम करते हैं और यह मामला थाने तक पहुँच जाता है।

प्रदेश प्रवक्ता डॉ. सनवर पटेल ने कहा कि कोई लोकतांत्रिक तरीके से दिग्विजय सिंह का विरोध करे तो वे लाठियों से वार करते हैं। इसका उदाहरण उज्जैन में भाजयुमो द्वारा किये गए विरोध प्रदर्शन में सबने देखा है कि किस तरह दिग्विजय सिंह लाठी लेकर भाजयुमो कार्यकर्ताओं को मारने दौड़े थे। इस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ और उनको सजा हुई और आज वे जमानत पर हैं। इस प्रकार से शांति भंग करने और सौहार्द बिगाड़ने का काम सदैव दिग्विजय सिंह करते आए हैं, जो सभ्य समाज के लिए बहुत ही खतरनाक है। मध्यप्रदेश की जनता इसको कतई स्वीकार नहीं करती है।

डॉ. पटेल ने कहा कि बुरहानपुर में मुस्लिम समाज के भाईयों को दिग्विजय सिंह द्वारा अपमानित करने की घटना से यह सिद्ध होता है, काग्रेस सदैव उनको अपना वोट बैंक मानती है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह और कांग्रेस हमेशा ही अल्पसंख्यकों को हेय की दृष्टि से देखती आए हैं, लेकिन अल्पसंख्यक समाज अब समझ चुका है और कांग्रेस के बहकावे में आने वाला नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे/मुकेश

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story