भोपाल: कांग्रेस के दिल्ली प्रदर्शन के विरोध में सड़कों पर उतरी भाजपा, पुलिस ने पीसीसी दफ्तर जाने से रोका

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल: कांग्रेस के दिल्ली प्रदर्शन के विरोध में सड़कों पर उतरी भाजपा, पुलिस ने पीसीसी दफ्तर जाने से रोका


भोपाल: कांग्रेस के दिल्ली प्रदर्शन के विरोध में सड़कों पर उतरी भाजपा, पुलिस ने पीसीसी दफ्तर जाने से रोका


भोपाल, 22 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भारतीय जनता पार्टी के विधायकों और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रदर्शन के विरोध में बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। रेड क्रॉस चौराहे पर एकत्रित होकर कांग्रेस प्रदेश कार्यालय (पीसीसी) की ओर बढ़ रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक लिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर तीखा आक्रोश व्यक्त किया।

भोपाल के रेड क्रॉस चौराहे पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन की अगुवाई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने की। प्रदर्शन में भाजपा विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि दुबे समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। दिल्ली में राहुल गांधी द्वारा किए गए प्रदर्शन के जवाब में भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की ओर मार्च करने लगे। हालांकि, स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस बल ने लिंक रोड पर रेडक्रॉस अस्पताल के ठीक सामने भारी बैरिकेडिंग कर रखी थी, जिससे प्रदर्शनकारियों को वहीं रोक दिया गया।

जोकर की वेशभूषा में पहुंचा युवक

प्रदर्शन के दौरान एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जब एक युवक जोकर के परिधान में कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचा। युवक की टी-शर्ट पर एक पोस्टर लगा हुआ था, जिस पर देश का अपमान, मेरा काम – राहुल गांधी लिखा हुआ था। विरोध जता रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पीसीसी दफ्तर जाने से रोके जाने से कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों में ली हुई तख्तियां और पोस्टर पुलिस बैरिकेड्स की तरफ उछाल दिए, जिससे कुछ देर के लिए चौराहे पर गहमागहमी बनी रही।

हेमंत खंडेलवाल बोले- 'यह केवल चेतावनी थी'

करीब 10 मिनट तक चले इस उग्र शक्ति प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ता वापस लौट गए। मीडियाकर्मियों से चर्चा करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस को सख्त लहजे में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र विरोधी नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा देश में निरंतर अराजकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, जो कि अस्वीकार्य है। यदि काँग्रेस अपना रवैया नहीं सुधारती है तो हजारों भाजपा कार्यकर्ता चाहे विचारों से हो अथवा संघर्ष से उनसे दो-दो हाथ करने को तैयार हैं। भाजपा कार्यकर्ता आज केवल सांकेतिक रूप से चेतावनी देने आए थे। यदि कांग्रेस नेता अपने रवैये में सुधार नहीं लाते हैं और देश की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले प्रदर्शन बंद नहीं करते हैं, तो भारतीय जनता पार्टी आने वाले दिनों में और अधिक उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story