दतिया का सुनहरा कल, हर घर खिलेगा कमल : सतीश उपाध्याय

WhatsApp Channel Join Now
दतिया का सुनहरा कल, हर घर खिलेगा कमल : सतीश उपाध्याय


भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने शुक्रवार को दतिया के चुनाव कार्यालय में युवाओं से किया संवाद

दतिया/भोपाल, 24 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने शुक्रवार को दतिया स्थित भाजपा चुनाव कार्यालय में युवाओं के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि दतिया का सुनहरा कल, हर घर खिलेगा कमल केवल चुनावी नारा नहीं, बल्कि दतिया के सर्वांगीण विकास, सुशासन, जनकल्याण और उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है।

प्रदेश सह प्रभारी उपाध्याय ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। ऊर्जावान, शिक्षित और जागरूक युवा ही सशक्त एवं विकसित भारत की नींव हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाएं और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक बहुमत से विजयी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का अभियान है। प्रदेश सह प्रभारी उपाध्याय ने युवाओं से संवाद के साथ ही विभिन्न समाज वर्गों के वरिष्ठजनों से भी मुलाकात कर क्षेत्र के विषयों पर चर्चा की।

भाजपा सरकारों की नीतियां धरातल पर दिख रही हैं

भाजपा प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश को विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की नई दिशा दी है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं, गरीबों और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों की योजनाएं केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका प्रभाव जमीन पर स्पष्ट दिखाई देता है। आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, रोजगार के अवसरों, महिला सशक्तिकरण और गरीब कल्याण के क्षेत्र में किए गए कार्यों से जनता का विश्वास भाजपा के प्रति लगातार मजबूत हुआ है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प है कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव, वार्ड और परिवार तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे। चुनाव केवल मतदान की प्रक्रिया नहीं, बल्कि क्षेत्र के भविष्य का निर्णय करने का अवसर है। इसलिए प्रत्येक युवा यह सुनिश्चित करे कि कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रहे।

युवाओं की ऊर्जा और कार्यकर्ताओं का समर्पण भाजपा की ताकत

प्रदेश सह प्रभारी उपाध्याय ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के बीच विश्वास का प्रतिनिधि है। कार्यकर्ताओं और युवाओं की मेहनत, समर्पण तथा जनसंपर्क ही पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि मतदान तक वे पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ प्रत्येक बूथ पर सक्रिय भूमिका निभाएं और अधिक से अधिक मतदाताओं को भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में मतदान के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल एक जनप्रतिनिधि चुनने का अवसर नहीं है, बल्कि दतिया के उज्ज्वल भविष्य, विकास की निरंतरता और जनकल्याण के संकल्प को मजबूत करने का चुनाव है। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र की जनता भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाकर विकास यात्रा को नई गति देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story