भाजपा कार्यालय में जनसंवाद, मंत्री राकेश सिंह ने सुनीं समस्याएं, कांग्रेस पर साधा निशाना

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा कार्यालय में जनसंवाद, मंत्री राकेश सिंह ने सुनीं समस्याएं, कांग्रेस पर साधा निशाना


भोपाल, 07 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री राकेश सिंह ने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर उनकी कठिनाइयों को समझा। जिन समस्याओं का तत्काल निराकरण संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है।

मीडिया से बातचीत में राकेश सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी इस समय गहरी निराशा में है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे सहित अन्य कांग्रेस नेताओं की भाषा असंयमित होती जा रही है, जो उनकी हताशा को दर्शाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक तुष्टिकरण और जातिवाद की राजनीति कर देश के विकास को बाधित किया।

राकेश सिंह ने आगे कहा कि संकट के समय कांग्रेस नेतृत्व देशहित के बजाय नकारात्मकता फैलाने का काम करता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि आगामी चुनावों में कांग्रेस की स्थिति और कमजोर होती दिखाई देगी। साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेताओं को अपनी भाषा में मर्यादा और संयम बनाए रखने की सलाह दी।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नंदिता पाठक, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल और सहयोग सेल के सदस्य संजय नगायच सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story