भाजपा कार्यालय में मंत्री नरेंद्र पटेल ने सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं, संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा कार्यालय में मंत्री नरेंद्र पटेल ने सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं, संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश


भोपाल, 29 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने मंगलवार को राजधानी भाेपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं की जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्राप्त प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों के सामने रखा और उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

मंत्री पटेल ने कार्यकर्ताओं से एक-एक कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली। जिन मामलों में संबंधित विभाग की कार्रवाई आवश्यक थी, उन्हें निराकरण के लिए विभागीय अधिकारियों को भेजा गया। मंत्री नरेंद्र पटेल ने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्राप्त जनसमस्याओं का गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा और पात्र मामलों में प्राथमिकता के आधार पर समाधान का प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना जरूरी है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों में विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जरूरत है, उनका परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण किया जाए। सरकार और संगठन की ओर से कहा गया कि आमजन की समस्याओं का समाधान तथा पात्र लोगों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता में है। जनसमस्याओं के निराकरण के लिए कार्यकर्ताओं से प्राप्त प्रकरणों पर संबंधित विभागों के स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story