जबलपुर : शराब दुकान बंद कराने भाजपा पार्षदों का प्रदर्शन, दुकान पर लगाया ताला

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : शराब दुकान बंद कराने भाजपा पार्षदों का प्रदर्शन, दुकान पर लगाया ताला


जबलपुर, 23 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित रांझी के बड़ा पत्थर क्षेत्र में संचालित शराब दुकान को लेकर लंबे समय से स्थानीय नागरिकों और राजनीतिक दलों द्वारा विरोध किया जा रहा था। इसी क्रम में शनिवार को भाजपा पार्षद दल ने बड़ा कदम उठाते हुए विवादित शराब दुकान पर पहुंचकर तालाबंदी कर दी।

एमआईसी सदस्य दामोदर सोनी ने बताया कि हाल ही में क्षेत्रीय नागरिकों का एक प्रतिनिधिमंडल विधायक अशोक रोहाणी से मिला था। इस दौरान लोगों ने उन्हें अवगत कराया कि शराब दुकान के आसपास सब्जी मंडी और मंदिर होने के कारण महिलाओं और परिवारों का लगातार आना-जाना रहता है, लेकिन दुकान खुलने के बाद माहौल खराब हो गया है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद विधायक अशोक रोहाणी ने आश्वासन दिया था कि दो दिनों के भीतर शराब दुकान को हटवा दिया जाएगा। इसी के चलते शनिवार को भाजपा पार्षद दल मौके पर पहुंचा और दुकान में तालाबंदी कर दी।

बताया जा रहा है कि इस मामले को लेकर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी भी पिछले करीब पखवाड़े भर से धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि शराब दुकान खुलने के बाद इलाके में असामाजिक गतिविधियां बढ़ गई हैं, जिससे आम नागरिकों, खासकर महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story