दिग्विजय सिंह की पदयात्रा पर भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य का हमला, बोले- बेटे को आगे बढ़ाने की कोशिश

WhatsApp Channel Join Now
दिग्विजय सिंह की पदयात्रा पर भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य का हमला, बोले- बेटे को आगे बढ़ाने की कोशिश


गुना, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ को लेकर सियासत तेज हो गई है। गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने यात्रा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह अपने बेटे जयवर्धन सिंह को राजनीतिक रूप से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से पदयात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह को अपने बेटे को अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ने का अवसर देना चाहिए।

उज्जैन में महाकाल दर्शन के दौरान गमछे से जुड़े घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए शाक्य ने दिग्विजय सिंह पर धार्मिक प्रतीकों के सम्मान को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि उन्हें महाकाल का गमछा स्वीकार नहीं था, तो यात्रा की शुरुआत जावरा या अजमेर से करनी चाहिए थी। शाक्य ने कहा कि महाकाल की नगरी से यात्रा शुरू करने के दौरान धार्मिक प्रतीकों के प्रति सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए।

भाजपा विधायक ने आरोन क्षेत्र में जमीन और कब्रिस्तान से जुड़े विवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि जोगियों की जमीन पर कब्रिस्तान बनाए जाने के मामले में प्रभावशाली लोगों की भूमिका रही है। इस मुद्दे को लेकर उन्होंने कांग्रेस पर सवाल उठाए। हालांकि, इस संबंध में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है।

विपक्ष की ओर से लगाए जाने वाले वोट चोरी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए शाक्य ने पुराने चुनावों का हवाला दिया। उन्होंने सवाल किया कि जब राघौगढ़ विधानसभा क्षेत्र से कैलाश जोशी, नीतेश भारद्वाज और प्यारेलाल खंडेलवाल जैसे नेता चुनाव लड़ते थे, तब क्या वोट चोरी नहीं होती थी? उन्होंने सत्ता परिवर्तन और देश की राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर भी अपनी बात रखी।

वहीं, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को लेकर पूछे गए सवाल पर भाजपा विधायक ने जवाब देने से इनकार कर दिया। शाक्य के इन बयानों के बाद प्रदेश की सियासत में दिग्विजय सिंह की पदयात्रा को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765107 Articles

Share this story