भाजपा विधायक ने महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष को भेजा 10 करोड़ की मानहानि का नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा विधायक ने महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष को भेजा 10 करोड़ की मानहानि का नोटिस


भोपाल, 07 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का मामला अब कानूनी मोड़ ले चुका है। रतलाम जिले की आलोट विधानसभा सीट से भाजपा विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय ने महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया को 10 करोड़ रुपए का मानहानि नोटिस भेजा है।

भाजपा विधायक मालवीय की ओर से उनके अधिवक्ता शेखर श्रीवास्तव के माध्यम से जारी इस नोटिस में रीना बोरासी द्वारा मीडिया में दिए गए बयानों पर कड़ी आपत्ति जताई गई है। दरअसल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने हाल ही में विधायक पर महिला उत्पीड़न, यौन शोषण, अवैध कब्जा और धमकी जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।

राज्यपाल से मुलाकात के बाद लगाए थे आरोप

कुछ दिन पहले रीना बोरासी ने भोपाल स्थित लाेकभवन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने दावा किया था कि एक महिला ने उन्हें एफिडेविट और अन्य साक्ष्य सौंपे हैं। रीना बोरासी ने आरोप लगाया था कि संबंधित विधायक ने महिलाओं के साथ अत्याचार किया, उनकी संपत्ति पर कब्जा किया और गुंडों के जरिए तोड़फोड़ करवाई। उन्होंने यह भी कहा था कि 70 वर्षीय महिला के साथ मारपीट और उत्पीड़न की घटना हुई है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए राज्यपाल और सरकार से संबंधित विधायक की सदस्यता रद्द करने की मांग भी उठाई थी।

विधायक बोले- राजनीतिक द्वेष से लगाए गए झूठे आरोप

मानहानि नोटिस में विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय ने सभी आरोपों को निराधार और राजनीतिक साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि वे एक शिक्षित और प्रतिष्ठित जनप्रतिनिधि हैं तथा उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से यह बयानबाजी की गई है। नोटिस में दावा किया गया है कि बिना किसी ठोस प्रमाण के लगाए गए आरोप केवल चुनावी रंजिश और राजनीतिक द्वेष का हिस्सा हैं। विधायक ने यह भी कहा कि एक स्थानीय चैनल और सोशल मीडिया के माध्यम से उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।

7 दिन में मांगे दस्तावेज और सबूत

एडवोकेट शेखर श्रीवास्तव द्वारा भेजे गए नोटिस में रीना बोरासी को 7 दिन के भीतर आरोपों से जुड़े सभी दस्तावेज और प्रमाणित साक्ष्य उपलब्ध कराने को कहा गया है। नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि तय समय में जवाब और सबूत प्रस्तुत नहीं किए गए, तो उनके खिलाफ 10 करोड़ रुपए की क्षतिपूर्ति का दीवानी दावा और आपराधिक मानहानि का मामला दर्ज कराया जाएगा।

सोशल मीडिया पर भी साझा किया नोटिस

भाजपा विधायक चिंतामणि मालवीय ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी इस मानहानि नोटिस को साझा किया है। मामले के सामने आने के बाद प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है और कांग्रेस- बीजेपी के बीच बयानबाजी भी बढ़ने लगी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story